राजस्थान के दौसा में पुलिस की 3 गाडि़यां फूंकी

 
जयपुर। लोकसभा चुनाव के लिए राजस्‍थान में दूसरे चरण में आज मतदाता देश की सरकार चुनने के लिए पूर्णाहुति दे रहे हैं। पहले चरण में शेष रही सभी 5 सीटों पर उत्‍साह के साथ मतदान जारी है। दोपहर 1 बजे तक पांचों सीटों पर करीब 40 फीसदी मतदान हो चुका है। उधर, लोकसभा की दौसा सीट पर चल रहे मतदान के दौरान पुलिस और ग्रामीणों के बीच भिड़ंत हो गई, इसमें उग्र ग्रामीणों ने पुलिस की 3 गाडि़यों को आग के हवाले कर दिया। हालांकि, अब हालात काबू में हैं और मतदान फिर से सूचारू रूप से शुरू हो गया है।

 

जानकारी के अनुसार मतदान के दौरान पुलिस और ग्रामीणों के बीच यह भिड़ंत दौसा की महुआ तहसील के साथा गांव में हुई। कथित तौर पर पुलिस ने फर्जी मतदान को लेकर सख्‍ती बरती तो मामला उग्र हो गया। पुलिस के गाडि़यों के साथ ही मीडिया का भी एक वाहन बुरी तरह से क्षतिग्रस्‍त हो गया।  

 

उल्‍लेखनीय है कि प्रदेश की इन पांचों सीटों को चुनाव आयोग ने पहले ही संवेदनशील करार दे दिया और शांतिपूर्ण मतदान के लिए यहां राज्‍य की आधी पुलिस फोर्स को तैनात किया था। हालांकि, दौसा को छोड़ अन्‍य किसी लोकसभा सीट पर ऐसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं है।

 
बढ़ रहा है मतदान का प्रतिशत

उपद्रव की घटना के बावजूद दौसा में मतदान का प्रतिशत लगातार बढ़ रहा है। दोपहर डेढ़ बजे तक यहां 42 फीसदी तक मतदान हो चुका है। जबकि सबसे अधिक 43 फीसदी मतदान अलवर में हुआ है। भरतपुर में 38.03%, करौली-धौलपुर में 35.64% और टोंक-सवाईमाधोपुर में 40.87% मतदान हो चुका है। इससे पहले मतदान के शुरुआती दो घंटों में पांचों सीटों पर कुल 11 फीसदी मतदान हुआ था। सुबह 10 बजे तक 14.51 % और 11 बजे तक पांचों सीटों पर 28.39 % मतदान हो चुका था। उधर, भरतपुर के नदबई और अरोदा में लोगों ने विकास के मुद्दे पर मतदान का बहिष्‍कार कर दिया है।

उत्‍साह बरकरार, बन सकता है नया कीर्तिमान

पहले चरण में राजस्‍थान की 20 सीटों पर रिकॉर्ड 63 फीसदी से अधिक मतदान हो चुका है और आज शेष पांच सीटों पर भी मतदान का प्रतिशत अच्‍छा रहा तो प्रदेश में वोटिंग का यह नया कीर्तिमान होगा। 2009 में इन 5 सीटों पर 50 प्रतिशत मतदान हुआ था। गौरतलब है कि लोकसभा चुनाव में आज प्रदेश की पांच सीटों के साथ देशभर में 117 सीटों पर मतदान हो रहा है। इनमें से फिलहाल 37 कांग्रेस और 24 भाजपा के पास हैं।


आज दांव पर इन दिग्गज का भविष्य

किरोड़ी मीणा : (राजपा नेता) दौसा से
नमोनारायण मीना: (केंद्रीय मंत्री) दौसा
हरिश्चंद्र मीना: (पूर्व डीजीपी) दौसा
जितेंद्रसिंह : (केंद्रीय मंत्री) अलवर से
अजहर: (पूर्व क्रिकेटर) टोंक-स. माधोपुर
इधर, देश में इन दिग्गजों की किस्‍मत का फैसला
सुषमा स्वराज : (विपक्ष की नेता) विदिशा से
मुलायम सिंह यादव : (सपा प्रमुख) मैनपुरी से
सलमान खुर्शीद : (विदेश मंत्री) फर्रुखाबाद
चरणदास महंत : (केंद्रीय मंत्री) कोरबा से
डिंपल : (अखिलेश की पत्नी) कन्नौज से


फेक्ट फाइल

  • लोकसभा सीट- 5
  • बूथ - 9112
  • संवेदनशील बूथ - 2674
  • सुरक्षाकर्मी तैनात - 42000
  • कुल वोटर - 81,01,494
  • मतदाता पहचान पत्र - 99.75 त्न लोगों के पास हैं
  • ईवीएम इस्तेमाल की जाएंगी चुनाव के दौरान - 16034


जानिए 2009 में इन पांच सीटों का गणित

तब लोकसभा चुनाव में यहां 50 प्रतिशत मतदान हुआ था और कांग्रेस को 4, भाजपा के खाते में जीरो और एक सीट पर निर्दलीय उम्‍मीदवार की जीत हुई थी।

कुल 81 उम्‍मीदवार इनमें 10 महिलाएं

अबकी बार इन पांच सीटों पर कुल 81 प्रत्याशी मैदान में हैं। इनमें 37 निर्दलीय और 10 महिलाएं शामिल हैं। सबसे ज्‍यादा 22 प्रत्याशी टोंक-सवाई माधोपुर से हैं, जबकि सबसे कम 12 प्रत्याशी भरतपुर से चुनाव लड़ रहे हैं।

ये है वोटर्स का गणित

5 सीटों पर 81,01,494 कुल वोटर हैं। पुरुष वोटर्स की संख्‍या 43,35,841 हैं जबकि महिला वोटर्स 37,43,282 हैं। इनमें 22,365 सर्विस वोटर हैं। खास बात, कुल वोटर्स में पहली बार वोट डालने वाले मतदाताओं की ख्‍या 11,84,997 हैं।

पूरे देश में मन रहा लोकतंत्र का उत्सवी

गुरुवार को राजस्‍थान सहित देश के 12 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों की 117 सीटों पर वोटिंग हो रही है। यानी पूरी लोकसभा की करीब 22 फीसदी सीटें। 173 महिलाओं समेत कुल 2077 प्रत्याशी मैदान में हैं। जबकि वोटरों की संख्‍या करीब 18 करोड़ है। यानी कुल वोटर का 22 फीसदी। अब तक पांच चरणों में 232 सीटों पर मतदान हो चुका है। गुरुवार को राजस्थान, मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र, झारखंड चुनावी सरगर्मी से मुक्त हो जाएंगे।

राजस्‍थान के साथ यहां भी मतदान

राजस्‍थान की अलवर, भरतपुर, दौसा, टोंक-सवाईमाधोपुर और करौली-धौलपुर सीटों पर गुरुवार को मतदान हो रहा है। जबकि तमिलनाडु 39, महाराष्ट्र 19, उत्तरप्रदेश 12, मध्यप्रदेश 10, बिहार 7, छत्तीसगढ़ 7, असम 6, प. बंगाल 6, झारखंड 4, जम्‍मू-कश्मीर 1, पुड्डुचेरी की 1 सीट पर मतदान होना है।

Post a Comment

और नया पुराने