वन्यजीव प्रेमी की गोली मारकर हत्या


जोधपुर/फलोदी/ बाप।जिले में जाम्बा थानान्तर्गत ननेऊ गांव में सालासर (भादूओं की ढाणी) खालतला नाडा के पास शिकार के आरोपियों ने एक वन्यजीव प्रेमी की गोली मारकर हत्या कर दी। वह आरोपियों को पकड़ने की कोशिश कर रहा था। वन्यजीव प्रेमियों ने शव वारदातस्थल पर ही रख विरोध शुरू कर दिया। 


बाद में जिला कलक्टर तथा पुलिस अधीक्षक नितिनदीप मौके पर पहुंचे और लोगों को उनकी सभी मांगें सरकार तक पहुंचाने का भरोसा दिलाया। साथ ही राज्य सरकार को घटनाक्रम से अवगत कराया। इसके बाद ही रात को शव मोर्चरी में भिजवाया जा सका। रात में दोनो नामजद आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया गया। 
पुलिस के अनुसार ननेऊ गांव से कुछ दूर ढाणी के समीप मंगलवार आधी रात करीब डेढ़-दो बजे गोलियां चलने की आवाज आई। आवाज सुनकर विश्नोइयों की ढाणी में सो रहे लोग बाहर आए। इन लोगों का आरोप है कि ननेऊ गांव निवासी हनीफ तथा फारूख हाथ में बन्दूक लिए बाइक पर सवार होकर हरिण शिकार की फिराक में थे। वन्यजीव प्रेमियों को देख दोनों ने मोटरसाइकिल पर बैठ भागने लगे। ढाणी निवासी शैतानसिंह, उसके दो-तीन भाई व कुछ अन्य ने पिकअप जीप से शिकारियों का पीछा किया, लेकिन जीप रास्ते में मिट्टी में धंस गई।

तब इन लोगों ने पैदल ही पीछा कर सालासर गांव के पास एक व्यक्ति को दबोच लिया। पकड़ से छूटने के लिए आरोपी ने अपनी बंदूक से गोली चला दी। छर्रे लगने से शैतानसिंह (25) पुत्र अर्जुनराम विश्नोई गम्भीर घायल हो गया।


इस बीच अरोपी फरार हो गए। घायल शैतानसिंह को फलोदी के राजकीय चिकित्सालय ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। वन्यजीव प्रेमी शव लेकर घटनास्थल लौट आए। शाम को पुलिस ने हत्या की नामजद रिपोर्ट दर्ज की। बाद में दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। 

कलक्टर ने बताया कि इस क्षेत्र में स्थित वन विभाग की चौकी को और मजबूत बनाया जाएगा तथा वन विभाग एवं पुलिस की टीम शिकारियों के विरूद्ध अभियान चलाएगी। 

शिकारियों के विरूद्ध कार्रवाई हो

वन्यजीव शिकार के मामलों में दोषियों के विरूद्ध कठोर कार्रवाई नहीं होती। इससे शिकारियों का दु:साहस बढ़ गया है। इस मामले में आरोपितों के विरूद्ध कठोर कार्रवाई नहीं हुई तो वन्यजीव प्रेमी प्रदेशभर में आन्दोलन करेंगे। बाबूलाल जाजू, विशेष अधिकारी , केन्द्रीय वन्यजीव अपराध नियंत्रण ब्यूरो। 

संसाधनों के साथ पांच वनकर्मी होंगे तैनात

जोधपुर - शैतानसिंह सिंह की मौत के बाद वन विभाग भी चौकन्ना हो गया है। शैतानसिंह  मंगलवार देर रात शिकार के आरोपियों की गोली से मारे गए थे। इस घटना के बाद उप वन्य संरक्षक (वन्य जीव जोधपुर) एमएस राठौड़ ने बताया कि जाम्बा में पांच नए वन कर्मचारियों को स्थापित किया जाएगा। वन्यजीव प्रभाग की चौकियों से इनको जाम्बा में लगाने का निर्णय किया गया है। इन कर्मचारियों को एक जीप, एक मोटरसाइकिल व हथियार भी मुहैया करवाए जाएंगे। जाम्बा में पहले से तैनात दो कर्मचारियों को हटाकर इन्हें लगाया गया है।

सरकार ने दी पांच लाख की मदद

शैतानसिंह विश्नोई के परिजनों को मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने पांच लाख रूपये की सहायता राशि देने की घोषणा की है। जिला कलक्टर गौरव गोयल ने यह जानकारी दी। साथ ही शैतानसिंह को शौर्य पुरस्कार देने के लिये राज्य सरकार की ओर से एक प्रस्ताव बनाकर भारत सरकार को भिजवाया जाएगा। जिला प्रशासन शैतानसिंह की 11वीं कक्षा उत्तीर्ण विधवा को सरकारी नौकरी देने का प्रस्ताव भी राज्य सरकार को भेजेगा।

Post a Comment

और नया पुराने