सांचौर। किसानों को जीरे के उचित दाम नहीं मिल पा रहे हैं।



सांचौर। जिले में जीरे की अच्छी पैदावार के बावजूद कीमत कम होने से किसान मायूस हैं। इस बार किसानों ने जीरे की फ सल को मौसम की मार से तो बचा लिया, लेकिन बाजार एवं मण्डी में जीरे के भाव पूरे नहीं मिल रहे हैंं। इससे किसानों के अरमानों पर पानी फिरता नजर आ रहा है। ऎसे में किसान समर्थन मूल्य पर सरकारी खरीद शुरू होने का इंतजार कर रहे हैं। क्षेत्र में इस बार सरसों के साथ जीरे व रायडे की अच्छी पैदावार हुई है, लेकिन सरकार ने जीरे की खरीद में रूचि नहीं दिखाई। ऎसे में व्यापारियों की ओर से जीरे के भाव तय किए जा रहे हैं।

गिर सकती है कीमत

सरकार ने अभी तक जीरे का समर्थन मूल्य तय नहीं किया है। ऎसे में जीरे की कीमतों में आने वाले दिनों में और गिरावट होने का अंदेशा है। जानकारों की माने तो जीरे के बाजार में पहुंचने का सिलसिला अभी शुरू हुआ है, लेकिन जीरे की कीमतों में तेजी से गिरावट आई है। जीरे की आवक बढ़ने के साथ जीरे की कीमत में और अधिक गिरावट आ सकती है।

क्षेत्र में बम्पर पैदावार

क्षेत्र में जीरा, रायड़ा, इसबगोल, गेहूं सहित सियालू फसलों की बम्पर बुवाई की जाती है। क्षेत्र का मौसम एवं मिट्टी इन फसलों के लिए उपयुक्त होने से क्षेत्र में इन फसलों की बम्पर बुवाई हुई। नर्मदा नहर का पानी क्षेत्र में आने से इस वर्ष सैकड़ों हैक्टेयर में जीरा, रायड़ा, ईसबगोल एवं गेहूं की खेती हुई है।

ऊंझा मंडी जाता है जीरा


नेशनल हाइवे नम्बर 15 पर स्थित कृषि मण्डी में पूरी कीमत नहीं मिलने से क्षेत्र के किसान गुजरात स्थित थराद, धानेरा एवं ऊंझा मंडियों में अपनी फसल बेच रहे हैं।

नहीं मिल रहे खरीदार

गुजरात से सटे क्षेत्र में जीरे की बम्पर पैदावार के बाद किसानों को जीरे के खरीदार नहीं मिल रहे हैं। किसानों को जीरा बेचने के लिए लम्बा इंतजार करना पड़ रहा है। ऎसे में किसानों को मजबूरी मे गुजरात की मंडियों तक जाना पड़ रहा है।

नहीं मिल रही उचित कीमत


बम्पर पैदावार के बाद किसानों को जीरे के उचित दाम नहीं मिल पा रहे हैं। किसानों का मानना है कि मौसम के बदलाव के बावजूद उन्होंने जीरे को सहेजा है, लेकिन अब उन्हें लागत के हिसाब से पूरा दाम नहीं मिल रहा है। गत वर्ष जीरे की आवक अनुपात से कम हुई थी, जिससे जीरे के दाम 150 रूपए प्रतिकिलो तक बढ़ गए थे। लेकिन इस बार बम्पर पैदावार होने से जीरे के भाव 80 से 90 रूपए पर ही अटके हैं। ऊंझा मण्डी में प्रति बीस किलो जीरा के भाव 1400 से 2405 रूपए चल रहे हैं।

Post a Comment

और नया पुराने