बाड़मेर से सोनाराम, जसवंत सिंह की बगावत, फूंका वसुंधरा का पुतला

जयपुर। भाजपा ने राजस्थान की बाकी बची 4 सीटों पर उम्मीदवार घोषित कर दिए हैं। इसके तहत वरिष्ठ नेता जसवंत सिंह के विरोध को दरकिनार करते हुए बाड़मेर से कर्नल सोनाराम को टिकट दिया गया हैं। इसके साथ ही जसवंत सिंह की टिकट की उम्मीदें खत्म हो गई। वहीं जसवंत सिंह ने निर्दलीय के रूप में मैदान में उतरने का फैसला कर लिया है।

अजमेर से सांवर लाल जाट
सूची में अजमेर से सिंचाई मंत्री सांवर लाल जाट को, पाली से पीपी चौधरी और करौली-धौलपुर से मनोज राजोरिया को टिकट दिया गया है। सांवर लाल जाट वर्तमान में नसीराबाद से विधायक हैं। पाली से उम्मीदवार बनाए गए पीपी चौधरी सीरवी समाज से आते हैं। चौधरी को टिकट देकर भाजपा ने जाट और अन्य समाजों को साधने का प्रयास किया है। इस सूची के साथ ही भाजपा ने प्रदेश की सभी सीटों से उम्मीदवार घोषित कर दिए हैं।

वसुंधरा के पुतले की निकाली शवयात्रा
जसवंत सिंह को टिकट न दिए जाने ये नाराज भाजपा युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार शाम को जमकर प्रदर्शन किया। भाजपाइयों ने बाड़मेर में मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के पुतले को शवयात्रा निकाल कर फूंका। इस दौरान उन्होंने बाड़मेर बाजार में जमकर नारेबाजी की। कार्यकर्ताओं ने वसुंधरा राजे मुर्दाबाद और हाय-हाय के नारे भी लगाए।



दूसरी ओर जसवंत सिंह निर्दलीय के रूप में मैदान में उतरेंगे। गौरतलब है कि जसवंत सिंह ने गुरूवार को ही घोषणा कर दी थी कि ये उनका अंतिम चुनाव होगा। उन्होंने कहाथाकि ये मेरा अंतिम चुनाव होगा। टिकट न मिलने पर निर्दलीय चुनाव लड़ेंगे। इसके बाद भाजपा में खलबली मच गई थी और उन्हें मनाने के प्रयास भी हुए। लेकिन सिंह अपनी बात पर अड़े रहे। वहीं शुक्रवार को जारी लिस्ट में उनका नाम नहीं आया। इसके साथ ही उनका निर्दलीय के रूप में मैदान में उतरना तय हो गया है। जसंवत सिंह 23 मार्च को बाड़मेर आएंगे। इसके बाद कार्यकर्ताओं की आम सभा होगी। सूत्रों के अनुसार इसके बाद जसवंत सिंह अपना नामांकन दाखिल करेंगे।

सोनाराम के लिए अड़ी वसुंधरा
जसवंत सिंह का टिकट काटे जाने के पीछे मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे का हाथ माना जा रहा है। सूत्रों ने बताया कि भाजपा आलाकमान जसवंत सिंह को टिकट देने के लिए तैयार हो गया था। लेकिन राजे कर्नल सोनाराम को टिकट देने को लेकर अड़ गई। पहली लिस्ट में भी सोनाराम का नाम तय कर लिया गया था। लेकिन जसवंत सिंह के विरोध के बाद इसे टालना पड़ा। सोनाराम बाड़मेर से तीन बार सांसद रह चुके हैं। तीन दिन पहले ही वह भाजपा में शामिल हुए हैं।

"टिकट के लिए राजनाथ सिंह का आभारी"
लोकसभा टिकट मिलने के बाद सोनाराम ने कहाकि वे भाजपा अध्यक्ष राजनाथ सिंह के आभारी है कि टिकट के लिए उन्होंने उन पर विश्वास जताया। देश में और राजस्थान में भाजपा की लहर है। ये बरकरार रहेगी।

Post a Comment

और नया पुराने